1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 07, 2026, 9:20:17 PM
अभिषेक को बीजेपी ने दिया बांकीपुर का टिकट - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA:जनशक्ति जनता दल, जनसुराज और राष्ट्रीय जनता दल के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भी आज मंगलवार को बांकीपुर सीट से अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी। पटना के आनंदपुरी इलाके के रहने वाले अभिषेक कुमार उर्फ बंटी को भाजपा ने बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए टिकट दिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इसे लेकर अभिषेक सिन्हा को बधाई और शुभकामनाएं दी।
नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि नमन् बांकीपुर! बांकीपुर के लाल और पार्टी के एक जमीनी, स्थानीय और युवा कार्यकर्ता, जिन्होंने बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया, ऐसे श्री अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ जी को भाजपा प्रत्याशी बनाये जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। बांकीपुर की देवतुल्य जनता ने मुझे अपनी सेवा का अवसर दिया। निश्चित रूप से, बांकीपुर के मेरे परिवारजन श्री अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ जी को भी इस बार अपनी सेवा का अवसर देकर आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
बता दें कि बीजेपी ने युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष अभिषेक कुमार को बांकीपुर विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। अभिषेक कुमार कायस्थ समाज से आते हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पूर्व पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के अध्यक्ष रह चुके हैं। अभिषेक दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। मंडल मंत्री एवं महामंत्री के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। अभिषेक भाजपा के युवा नेता और कायस्थ समाज के सक्रिय सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता हैं।
बताया जाता है कि कायस्थ समाज से आने वाले अभिषेक सिन्हा उर्फ बंटी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के करीबी बताये जाते हैं। बांकीपुर जैसी हाई प्रोफाइल सीट से बीजेपी ने एक युवा कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है। अब 9 जुलाई को बीजेपी उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान खुद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मौजूद रहेंगे।
बता दें कि जनसुराज से प्रशांत किशोर और आरजेडी से रेखा गुप्ता बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी के उम्मीदवार पर सस्पेंस बना हुआ था। लोग इंतजार में थे कि पार्टी कब उम्मीदवार की घोषणा करेगी। बांकीपुर सीट से उम्मीदवार के नामों की चर्चा में पहला नाम नील रतन घोष का चल रहा था। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी नील रतन घोष (नीलू दा) का नाम सबसे आगे चल रहा था। नील रतन घोष पटना के मंदिरी इलाके के रहने वाले हैं।
वो नितिन नवीन के पिता नवीन किशोर सिन्हा के करीबी सहयोगी रह चुके हैं। वे गोलघर मंडल के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्टी में उनकी साफ-सुथरी छवि मानी जाती है। इसके अलावे भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक, बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन और पूर्व विधायक अरुण सिन्हा के पुत्र आशीष सिंह के नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल बताए जा रहे थे। लेकिन तमाम कयासों पर विराम लग गया है। आज बांकीपुर के उम्मीदार के नाम की घोषणा कर दी गयी। पार्टी द्वारा उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें अन्य राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति पर टिकी हैं। गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट राज्य की महत्वपूर्ण शहरी सीटों में गिनी जाती है। ऐसे में इस उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।