1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 02, 2026, 10:40:11 PM
मधुमक्खियों ने गांव के दामाद पर बोला हमला - फ़ोटो Generate AI image
JHARKHAND: आज कल बात-बात में लोग गुस्सा हो जा रहे हैं, और अपनी मांग मनवाने के लिए टावर पर चढ़ जा रहे हैं। आए दिन इस तरह की खबरें सोशल मीडिया पर सामने आती है, जो आज भी वायरल हो रही है। झारखंड के गढ़वा में गांव के एक दामाद जी को ऐसा करना महंगा पड़ गया। नाराज होकर जब वो 55 फीट ऊंचे पानी के टंकी पर चढ़े तब मधुमक्खियों ने उनके ऊपर हमला कर दिया फिर अपनी मांग रखना छोड़ वो बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगे। इस तरह घंटों यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा और लोग दामाद जी को बचाने की कोशिश करने लगे।
झारखंड के गढ़वा जिले में एक अजीबोगरीब घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। ससुराल पहुंचे एक युवक ने नाराजगी में 55 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। लेकिन कुछ ही देर बाद उस पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसके बाद वह मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आखिरकार गांव के एक युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
ससुराल पहुंचते ही चढ़ गया पानी की टंकी पर
जानकारी के अनुसार, गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर निवासी कमलेश मंगलवार को अपने ससुराल, केतार थाना क्षेत्र के अंजनिया गांव पहुंचा था। किसी बात से नाराज होकर वह पास के चेचरिया गांव में स्थित करीब 55 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। स्थानीय लोग उसके टंकी पर चढ़ने का कारण समझ पाते, उससे पहले ही एक अप्रत्याशित घटना हो गई।
मधुमक्खियों ने किया हमला
टंकी पर चढ़े कमलेश पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से परेशान होकर वह घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए लोगों से मदद की गुहार लगाने लगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने केतार थाना पुलिस और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को जानकारी दी। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की योजना बनाने लगे।
मदद के लिए आगे आया गांव का युवक
इसी दौरान गांव के ही विकास नामक युवक ने साहस का परिचय देते हुए पानी की टंकी पर चढ़ने का फैसला किया। वह धीरे-धीरे कमलेश तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था कि मधुमक्खियों ने उस पर भी हमला कर दिया। हालांकि, इसके बावजूद विकास ने हिम्मत नहीं हारी और कमलेश को संभालते हुए सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता हासिल की।
विकास की बहादुरी की हो रही सराहना
नीचे उतारने के बाद कमलेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विकास समय रहते मदद के लिए आगे नहीं आता, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूरे इलाके में विकास की बहादुरी की चर्चा हो रही है। लोग उसे असली हीरो बता रहे हैं, जिसने अपनी जान जोखिम में डालकर एक व्यक्ति की जान बचाई।