1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 03, 2026, 10:47:39 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो सोशल मीडिया
MUZAFFARPUR:मुजफ्फरपुर शहर में युवकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई और गुटबाजी एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। नगर थाना क्षेत्र के अमर सिनेमा कैंपस में दो गुटों के बीच हुई मारपीट के दौरान फ्लिपकार्ट के एक कर्मी पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित अमर सिनेमा कैंपस में बुधवार को दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट के दौरान फ्लिपकार्ट के एक कर्मी पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में भगदड़ और अफरातफरी की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, अमर सिनेमा रोड स्थित फ्लिपकार्ट गोदाम के बाहर किसी बात को लेकर दो गुटों के युवकों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष के युवकों ने चाकू निकाल लिया और फ्लिपकार्ट कर्मी मोहम्मद आफताब पर हमला कर दिया। चाकू लगने से आफताब गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने लगे। यह देख स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने उनका पीछा किया। भाग रहे युवकों में से एक को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक सिनेमा रोड निवासी रौशन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसके दोस्त राजा और सुमित ने उसे फोन कर मौके पर बुलाया था। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए और वह लोगों के हत्थे चढ़ गया। घायल मोहम्मद आफताब को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का मानना है कि घटना के पीछे आपसी वर्चस्व और गुटबाजी की पुरानी रंजिश हो सकती है।
इस घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अमर सिनेमा रोड और छोटी कल्याणी क्षेत्र शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में गिने जाते हैं। इसके बावजूद लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी टाउन) सुरेश कुमार ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं मुख्य आरोपी राजा, सुमित और अन्य फरार युवकों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।