1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 03, 2026, 5:36:33 PM
- फ़ोटो
BPSC Auditor Exam Date 2026: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने पंचायती राज विभाग के तहत ऑडिटर पदों पर भर्ती परीक्षा की तारीख का ऐलान कर दिया है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बिहार पंचायत ऑडिटर सेवा भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 5 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। इस भर्ती अभियान के जरिए राज्य में कुल 102 स्थायी ऑडिटर पदों को भरा जाएगा।
परीक्षा की तारीख सामने आने के बाद अभ्यर्थियों की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। आयोग जल्द ही परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी जानकारियां भी जारी करेगा। वहीं, उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जून के मध्य तक बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए जाने की संभावना है।
प्रारंभिक परीक्षा पूरी तरह वस्तुनिष्ठ (MCQ) आधारित होगी। इसमें सामान्य अध्ययन विषय से कुल 150 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को दो घंटे का समय दिया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा केवल स्क्रीनिंग टेस्ट के रूप में होगी, जिसके आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
ऑडिटर बनने का रास्ता आसान नहीं होगा, क्योंकि उम्मीदवारों को तीन चरणों की चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। मुख्य परीक्षा में सामान्य हिंदी, सामान्य अध्ययन प्रथम पत्र, सामान्य अध्ययन द्वितीय पत्र और एक वैकल्पिक विषय का पेपर होगा।
वैकल्पिक विषयों में कॉमर्स, इकोनॉमिक्स, गणित और सांख्यिकी जैसे विषय शामिल रहेंगे। मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों को पे-लेवल-5 के तहत वेतन मिलेगा। वेतनमान 5,200 से 20,200 रुपये तथा ग्रेड पे 2,800 रुपये निर्धारित है। विभिन्न सरकारी भत्तों को जोड़ने के बाद शुरुआती मासिक वेतन करीब 37 हजार रुपये तक पहुंच सकता है।