1st Bihar Published by: RANJAN Updated Jun 03, 2026, 7:02:59 PM
पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो रिपोर्टर
SASARAM: रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र स्थित नवरत्न बाजार में हुए चर्चित अभिषेक गोस्वामी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अजय सोनी समेत तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय सोनी, पंकज सोनी और राजू सोनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अजय सोनी इस हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक गोस्वामी वर्ष 2020 में हुए भुवर चंद्रवंशी हत्याकांड में आरोपी थे और जेल में बंद थे। वर्ष 2021 में उन्हें जमानत मिली थी, जिसके बाद वे जेल से बाहर आए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आपसी रंजिश और पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण इस हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।
हालांकि पुलिस अभी तक वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद नहीं कर सकी है। घटनास्थल से पुलिस ने तीन जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, मृतक अभिषेक गोस्वामी पर भी विभिन्न मामलों में आरोप लग चुके थे। इस मामले में मृतक के भाई अमित गोस्वामी के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज केस में सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।