1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 13, 2026, 3:22:48 PM
सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल - फ़ोटो सोशल मीडिया
मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बोरिवली रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक अपनी प्रेमिका से माफी मांगने के लिए सैकड़ों लोगों के सामने उसके पैरों में गिर गया। स्टेशन परिसर में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन पर रोज की तरह यात्रियों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान एक युवक अचानक एक युवती के सामने घुटनों के बल बैठ गया और उससे बार-बार माफी मांगने लगा। कुछ ही पलों बाद वह युवती के पैरों में गिर गया और हाथ जोड़कर उसे मनाने की कोशिश करता रहा। युवक कई बार "सॉरी" बोलते हुए भावुक नजर आया।
वहीं, युवती पूरे घटनाक्रम के दौरान शांत खड़ी रही। उसने न तो युवक से कोई बहस की और न ही सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया दी। वीडियो में भी दोनों के बीच विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना को देखने के लिए कुछ ही देर में स्टेशन पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई यात्रियों ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया।
भीड़ बढ़ने की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझाकर शांत कराया और युवक को वहां से हटाया। इसके बाद स्टेशन पर स्थिति सामान्य हो गई और यात्रियों की आवाजाही फिर से सुचारु रूप से शुरू हो गई।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और युवक आखिर किस वजह से अपनी प्रेमिका से सार्वजनिक रूप से माफी मांग रहा था। रेलवे पुलिस की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मामला दोनों के निजी विवाद से जुड़ा है और इसमें किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है।