1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 28, 2026, 3:46:03 PM
गोलगप्पा खाना पड़ गया भारी - फ़ोटो सोशल मीडिया
DESK: इस भीषण गर्मी में खान-पान पर ध्यान दें, ऐसी चीज ना खायें जिससे शरीर को नुकसान पहुंचे। क्योंकि 15 स्कूल की छात्राओं की तबीयत अचानक खराब हो गयी है। पेट दर्द, उल्टी और दस्त होने के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन सभी छात्राओं ने गोलगप्पा खाया था जिसके बाद इन सभी की तबीयत बिगड़ गयी।
मामला तेलंगाना के जोगुलांबा गडवाल जिले की है जहां पानीपुरी खाना 15 स्कूली छात्राओं को भारी पड़ गया। आइजा शहर में सड़क किनारे लगे एक ठेले पर पानीपुरी खाने के बाद सभी छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल सभी छात्राओं की हालत स्थिर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, छात्राएं अपनी सहेलियों के साथ शाम के समय पुराने बस स्टैंड के पास घूमने गई थीं। इसी दौरान उन्होंने एक पानीपुरी ठेले पर जाकर पानीपुरी खाई। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ देर बाद एक-एक कर कई लड़कियों को पेट में तेज दर्द, उल्टी और दस्त की समस्या होने लगी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने आनन-फानन में सभी छात्राओं को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई। डॉक्टरों के मुताबिक, पानीपुरी गंदे पानी या खराब सामग्री से तैयार की गई हो सकती है। हालांकि समय पर इलाज मिलने से सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पानीपुरी के ठेले को जब्त कर लिया है और ठेले संचालक से पूछताछ की जा रही है। वहीं, पानीपुरी में इस्तेमाल किए गए पानी और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि बीमारी की असली वजह का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे चल रहे फास्ट फूड और स्ट्रीट फूड सेंटरों की नियमित जांच कराने और बिना स्वच्छता मानकों के खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।