Hindi News / bihar / patna-news / बिहार में संविदा और आउटसोर्सिंग महिला कर्मियों को बड़ी राहत, अब हर महीने...

बिहार में संविदा और आउटसोर्सिंग महिला कर्मियों को बड़ी राहत, अब हर महीने मिलेगी इतने दिन की स्पेशल लीव

Bihar News: बिहार सरकार ने संविदा, बेलट्रॉन और आउटसोर्सिंग महिला कर्मचारियों को हर महीने 2 दिन की स्पेशल लीव देने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। इस निर्णय से राज्य की लाखों कामकाजी महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 28, 2026, 4:43:20 PM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो AI

Bihar News: बिहार की सम्राट सरकार ने कामकाजी महिलाओं के हित में बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। राज्य सरकार ने संविदा, बेलट्रॉन और आउटसोर्सिंग के तहत काम करने वाली महिला कर्मचारियों के लिए विशेष अवकाश नीति को मंजूरी दे दी है। 


इस फैसले के तहत अब महिला कर्मियों को हर महीने 2 दिनों की स्पेशल लीव दी जाएगी। सरकार के इस कदम से राज्य की करीब डेढ़ लाख से अधिक महिला कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।


नई व्यवस्था लागू होने के बाद बिहार देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने संविदा और आउटसोर्सिंग स्तर पर कार्यरत महिलाओं के लिए प्रति माह 2 दिन की विशेष छुट्टी का प्रावधान किया है। लंबे समय से इन महिला कर्मचारियों द्वारा नियमित सरकारी महिला कर्मियों की तरह इस सुविधा की मांग की जा रही थी।


महिलाओं को मिलने वाली यह विशेष छुट्टी सामान्य तौर पर “पीरियड लीव” के नाम से जानी जाती है। बिहार में इसकी शुरुआत वर्ष 1992 में तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में हुई थी, जब नियमित महिला कर्मचारियों के लिए दो दिन की विशेष छुट्टी का प्रावधान लागू किया गया था।


हाल ही में कर्नाटक सरकार ने भी सरकारी और निजी क्षेत्र की महिलाओं के लिए पीरियड लीव की घोषणा की थी, लेकिन वहां केवल एक दिन की छुट्टी का प्रावधान है। वहीं बिहार अब संविदा और आउटसोर्सिंग महिला कर्मचारियों को भी दो दिन का विशेष अवकाश देकर देश में सबसे आगे निकल गया है।