Hindi News / bihar / siwan-news / बीमार पिता के लिए विदेश से लौटा बेटा, चचेरे भाई ने फोन कर...

बीमार पिता के लिए विदेश से लौटा बेटा, चचेरे भाई ने फोन कर बुलाया… फिर कनपटी पर सटा मार दी गोली

Bihar Crime News: बिहार के सीवान जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पचरुखी थाना क्षेत्र में एक युवक को उसके ही चचेरे भाई ने फोन कर घर से बाहर बुलाया और फिर गोली मार दी। विदेश से लौटे युवक की हत्या के बाद परिवार...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 28, 2026, 3:59:55 PM

बीमार पिता के लिए विदेश से लौटा बेटा, चचेरे भाई ने फोन कर बुलाया… फिर कनपटी पर सटा मार दी गोली

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के सीवान जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक अपने बीमार पिता की सेवा करने विदेश से घर लौटा था, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस रिश्ते पर वह सबसे ज्यादा भरोसा करता है, वही उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा। पचरुखी थाना क्षेत्र के जसौली नया टोला गांव में मंगलवार देर शाम 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप उसके सगे चचेरे भाई पर लगा है।


मृतक की पहचान सुभाष सिंह के 25 वर्षीय बेटे गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। परिवार के मुताबिक गुड्डू विदेश में मजदूरी करता था और घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। कुछ दिन पहले पिता की गंभीर तबीयत खराब होने की खबर मिलने के बाद वह विदेश से वापस गांव लौटा था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटे के आने से घर की मुश्किलें कुछ कम होंगी, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।


बताया जा रहा है कि मंगलवार को गुड्डू अपने बीमार पिता को पटना में डॉक्टर को दिखाकर गांव लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह सुपौली बाजार से दवा लेने निकला था। इसी दौरान उसके चचेरे भाई ने उसे फोन कर रास्ते में बुलाया। परिजनों का आरोप है कि यह पूरी वारदात पहले से रची गई साजिश थी।


गांव के लोगों के मुताबिक, जैसे ही गुड्डू वहां पहुंचा, आरोपी ने बेहद करीब से उसकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी और गोली मार दी। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।


गंभीर रूप से घायल गुड्डू ने किसी तरह अपने घर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन गोली का घाव इतना गहरा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।


बेटे की मौत की खबर सुनते ही पहले से बीमार पिता की हालत और ज्यादा बिगड़ गई। घर में मातम पसरा हुआ है। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी पूरन कुमार झा और एसडीपीओ अजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिसने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।


स्थानीय विधायक भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और न्याय का भरोसा दिलाया। पुलिस ने मृतक की मां सुशीला देवी के बयान पर दो नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है।


पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।