Hindi News / crime / औरंगाबाद में पिता की हैवानियत! बेटे को पीटकर तपती बालू पर सुलाया, मौत...

औरंगाबाद में पिता की हैवानियत! बेटे को पीटकर तपती बालू पर सुलाया, मौत के बाद नदी में दफनाया

औरंगाबाद में सौतेली मां से विवाद के बाद पिता ने 13 वर्षीय बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि घायल बच्चे को तपती बालू पर छोड़ दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में शव को पुनपुन नदी के बालू घाट में दफना दिया गया।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 28, 2026, 7:06:18 PM

बिहार न्यूज

कलयुगी बाप की करतूत! - फ़ोटो सोशल मीडिया

AURANGABAD: सौतेली मां से झगड़ा करने पर एक निर्दयी पिता ने बेटे को पहले बेरहमी से पीटा, फिर उसके बाद हाथ-पैर बांधकर नंगे बदन चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के मौसम में तपते रेत के ढ़ेर पर लिटा दिया। इस असहनीय दर्द को वो झेल नहीं सका और मौत हो गयी। मौत के बाद शव को नदी में दफना दिया गया। घटना औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड में उपहारा थाना क्षेत्र के उपहारा गांव की है। पुलिस ने घटनास्थल से 7  किमी. दूर अरवल जिले के बंशी थाना क्षेत्र में पुनपुन नदी के बालू घाट से मृतक का शव बरामद किया।


मृतक की पहचान उपहारा निवासी राजेश चौधरी उर्फ मुंगड़ी चौधरी के पुत्र 13 वर्षीय खेसरिया कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी पिता और सौतेली मां मंजू देवी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। दाउदनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी(एसडीपीओ) अशोक कुमार दास ने बताया कि उपहारा के ग्रामीणों से पुलिस को इस घटना की गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के ही राजेश चौधरी उर्फ मुंगड़ी चौधरी ने अपने बेटे की पीट-पीट कर हत्या कर दी और शव को पुनपुन नदी में दफना दिया। इस सूचना पर उपहारा थाने की पुलिस ने अरवल जिले के बंशी थाने की पुलिस टीम के सहयोग से दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुनपुन नदी के बालूघाट में दफनाए गए शव को बरामद किया। पुलिस का मानना है कि शव को नदी तक पहुंचाने के लिए बाइक और स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया गया था। 


पुलिस दोनों वाहनों की तलाश में जुटी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सौतेली मां से झगड़े के बाद बाप ने बेटे को बेरहमी से पीटा, हाथ-पैर बांध तपते रेत के ढ़ेर पर सुला दिया जिससे उसकी मौत हो गयी। उपहारा थानाध्यक्ष आकाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण घरेलू विवाद और सौतेली मां से झगड़ा होना सामने आया है। उन्होंने बताया कि घटना के दिन मृतक खेसरिया कुमार का अपनी सौतेली मां मंजू देवी से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। सौतेली मां मंजू रिश्तें में किशोर की सगी मौसी भी है। झगड़े के बाद मंजू ने इसकी शिकायत पति राकेश चौधरी उर्फ मुंगड़ी चौधरी से की थी। जिसके बाद पिता राकेश बिना सोचे समझे बेटे की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान बेटा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वह लगातार जान की भीख मांगता रहा, लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा। 


इस दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद भी इस कलयुगी बाप ने जो कुछ किया उसे सुनकर आपका भी कलेज पसीज जाएगा। घायल बेटे को इलाज कराने के बजाय पिता ने हाथ-पांव बांधकर घर के पास ही खुली धूप में रखे गर्मी से तपते रेत पर छोड़ दिया, जिससे हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। मौत के बाद बेटे के शव को अरवल जिले के बंशी थाना क्षेत्र में पुनपुन नदी के बालू घाट में ले जाकर दफना दिया। बाद में ग्रामीणों को खेसरियां के नहीं दिखने पर शक हुआ, जिसके बाद इस बात की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरु की। इस केस को लेकर परिवार के लोगों का अलग-अलग बयान सामने आया है। मृतक की दादी सोनमतिया देवी ने बताया कि खेसरियां ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। कहा कि घर में एक ताला नहीं मिलने को लेकर खेसरियां का सौतेली मां से झगड़ा हुआ था। 


इसकी शिकायत सौतेली मां ने पति से की थी। शिकायत के बाद पिता ने खेसरिया की पिटाई की थी और हाथ-पैर बांधकर गर्म बालू पर सुला दिया था। इसके कुछ देर बाद सौतेली मां ने भी खेसरियां की पिटाई की। बाद में वह किसी तरह अपना हाथ-पैर खोलकर भूसा घर में चला गया और वही उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जबकि बहन का कहना है कि पीट-पीट कर भाई की हत्या की गयी है। मामले में मृतक की बहन मुन्नी कुमारी ने कहा कि मां की मौत के बाद से वह अपने ननिहाल खैरा गांव में रह रही है। भाई की मौत की खबर मिलने पर वह गांव आई है। बहन ने बताया कि उसके पिता और सौतेली मां अक्सर भाई के साथ मारपीट करते थे। घटना के दिन भी उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि मुंगड़ी चौधरी ने पहली पत्नी की भी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। 


हालांकि उस समय किसी प्रकार की प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी। इसके बाद उसने अपनी साली मंजू देवी से दूसरी शादी कर ली थी। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस शीघ्र ही मामले की सच्चाई उजागर कर लेगी। मामले में गांव के चौकीदार महबूब आलम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मारपीट, हत्या, आत्महत्या और शव छिपाने सहित सभी पहलुओं की बारीकी से छानबीन कर रही है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।उन्होंने बताया कि मामले में अन्य लोगों की भी सहभागिता है, जिन्हे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।