1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 28, 2026, 5:43:01 PM
- फ़ोटो Google
Bihar News: बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार नई पहल कर रही है। अब इको टूरिज्म को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने बड़ा मेगा प्लान तैयार किया है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है। इसके तहत राज्य के 27 डैम और 247 तालाबों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
सरकार की योजना के अनुसार इन पर्यटन स्थलों पर लोगों को एडवेंचर एक्टिविटीज की सुविधाएं मिलेंगी। यहां वॉटर स्पोर्ट्स, रिसॉर्ट्स और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
इस महत्वाकांक्षी योजना को जमीन पर उतारने और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए बिहार सरकार 9 जून को पटना में ‘ईको टूरिज्म इन्वेस्टर्स मीट-2026’ का आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम में देशभर के निवेशकों के शामिल होने की संभावना है।
सरकार ने निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल अपनाने का फैसला किया है। इसके तहत निवेशकों को 30 वर्षों की लंबी अवधि के लिए जमीन लीज पर उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने निवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए चिन्हित पोखरों, जलाशयों और तालाबों को उनकी क्षमता और भौगोलिक स्थिति के आधार पर दो श्रेणियों में बांटा है।
बिहार में अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सरकार कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। हाल ही में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आदेश जारी किया था, जिसके तहत उन्हें अपने परिवार के साथ राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर छुट्टियां मनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। सरकार का उद्देश्य राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।