1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jul 02, 2026, 5:12:30 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला वीडियो पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस ने सकरा थाना क्षेत्र के निवासी विवेक सिंह को पटना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वीडियो में दिखाई गई एक दोनाली बंदूक और वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में आरोपी अवैध हथियार का प्रदर्शन करते हुए 'सोना बेचकर लोहा (हथियार) खरीदने' जैसी बातें कह रहा था। इसके साथ ही वह जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर लोगों में भय और दहशत फैलाने का प्रयास करता दिखाई दे रहा था।
वायरल वीडियो की जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो सकरा थाना क्षेत्र का है। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने समाज में भय और आतंक का माहौल बनाने के आरोप में सकरा थाना में कांड संख्या 399/26 दर्ज किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पूर्वी-2) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी विवेक सिंह को पटना से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से वीडियो में प्रदर्शित एक दोनाली बंदूक और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने बताया कि साइबर सेल और सोशल मीडिया सेल विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रील या वीडियो बनाने के दौरान कानून का उल्लंघन न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।