1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Jul 02, 2026, 6:17:47 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: बिहार के सहरसा रेलवे स्टेशन परिसर में आज नियमों का उल्लंघन करने वाले और बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ एक बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व रेलवे न्यायालय खगड़िया के मजिस्ट्रेट काजीम कुमार ने किया।
मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में अचानक शुरू हुई इस औचक कार्रवाई से पूरे स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफार्मों पर हड़कंप मच गया। सहरसा स्टेशन के डीसीआई (मंडल वाणिज्य निरीक्षक) संजय कुमार ने इस अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि इस विशेष जांच अभियान के दौरान रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 45 लोगों को नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया है।
डीसीआई संजय कुमार के अनुसार, इस पूरी कार्रवाई के दौरान नियम तोड़ने वालों से कुल 45,000 (पैंतालीस हजार) रुपये का चालान काटा गया। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में चलाए गए इस अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मजिस्ट्रेट काजीम कुमार और डीसीआई संजय कुमार की सीधी देखरेख में सुरक्षा बलों ने प्लेटफार्म संख्या एक से लेकर विभिन्न प्लेटफार्मों और खड़ी ट्रेनों के डिब्बों में सघन जांच की।
बिना उचित टिकट के सफर करने वाले, स्टेशन परिसर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले और गंदगी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत तत्काल कार्रवाई की गई। डीसीआई संजय कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसर में अनुशासन को बढ़ावा देना और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना है, ताकि वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को सफर के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी सहरसा जंक्शन और इसके आसपास के स्टेशनों पर इस तरह के औचक सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।