Hindi News / bihar / bhojpur-news / भरत तिवारी एनकाउंटर: 5 जुलाई को होने वाली बहुजन महापंचायत पर जिला प्रशासन...

भरत तिवारी एनकाउंटर: 5 जुलाई को होने वाली बहुजन महापंचायत पर जिला प्रशासन ने लगाई रोक, सामने आई यह बड़ी वजह

Bahujan Mahapanchayat: भोजपुर के जगदीशपुर में 5 जुलाई को प्रस्तावित बहुजन महापंचायत को जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर कार्यक्रम का एनओसी रद्द कर दिया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 02, 2026, 4:44:32 PM

Bahujan Mahapanchayat

- फ़ोटो Google

Bahujan Mahapanchayat: बिहार के भोजपुर जिले के जगदीशपुर में 5 जुलाई को प्रस्तावित बहुजन महापंचायत को जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और संभावित ट्रैफिक अव्यवस्था का हवाला देते हुए कार्यक्रम के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने से मना कर दिया है।


यह महापंचायत हाल ही में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद आयोजित की जानी थी। कार्यक्रम का आयोजन जगदीशपुर प्रखंड के लाल बिहारी सिंह के टोला स्थित खेल मैदान में प्रस्तावित था।


जानकारी के अनुसार, आयोजन समिति के सदस्य अभिषेक मेहता, रणविजय बहादुर, उमेश कुमार सिंह और लाल बहादुर महतो ने 30 जून को जगदीशपुर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय को आवेदन देकर कार्यक्रम के लिए एनओसी की मांग की थी। साथ ही कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन से आवश्यक सहयोग भी मांगा गया था।


आवेदन पर विचार के बाद जगदीशपुर अनुमंडल पदाधिकारी ने थाना अध्यक्ष और अंचलाधिकारी (सीओ) से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर कार्यक्रम की अनुमति से संबंधित आवेदन निरस्त कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महापंचायत में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना थी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका थी।


प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी जा सकती। इसके साथ ही आयोजन समिति को अनुमति निरस्त किए जाने का आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया गया है। प्रशासन के इस फैसले के बाद 5 जुलाई को प्रस्तावित बहुजन महापंचायत का आयोजन फिलहाल नहीं हो सकेगा।