1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 02, 2026, 9:24:33 PM
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह - फ़ोटो रिपोर्टर
KATIHAR: बिहार के कटिहार जिले में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद ने एक किशोर की जान ले ली। बारसोई थाना क्षेत्र के पटोलबाड़ी गांव में 14 वर्षीय मोहम्मद अख्तरुल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह वारदात कथित लव ट्राएंगल के कारण अंजाम दी गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घर लौटते समय किया गया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अख्तरुल मंगलवार शाम स्थानीय रंगामटिया हाट से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पहले सुनसान रास्ते पर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे रोक लिया। बताया जाता है कि अख्तरुल कुछ समझ पाता, उससे पहले आरोपियों ने उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
पहले भी हुआ था विवाद
मृतक के परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पहले इंस्टाग्राम और आपसी बातचीत को लेकर कोचिंग में पढ़ने वाले कुछ युवकों के साथ उसका विवाद हुआ था। आरोप है कि उन लोगों ने पहले भी रास्ते में अख्तरुल को रोका था। परिजनों के मुताबिक उस समय अख्तरुल ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद परिवार के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया था। लेकिन इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि किशोर की हत्या चाकू मारने के साथ-साथ गला दबाकर भी की गई है।
SIT जांच में खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए कटिहार पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के कारण हत्या किए जाने की बात स्वीकार की।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि जांच में लव ट्राएंगल का मामला सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक का भी उसी युवती से संबंध था, जिससे मृतक का नाम जोड़ा जा रहा था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने मिलकर अपने प्रतिद्वंद्वी समझे जाने वाले किशोर की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
स्पीडी ट्रायल की तैयारी
कटिहार पुलिस का कहना है कि मामले में मजबूत साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं। अब आरोपियों को जल्द सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। एक किशोर की इस तरह निर्मम हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।