1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 15, 2026, 11:24:24 AM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: समस्तीपुर जिले में प्रेम-प्रसंग से जुड़े एक मामले में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक पिछले करीब छह महीने से अपने दोस्त की पत्नी के साथ मुजफ्फरपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. परिजनों का आरोप है कि महिला के पहले पति ने रंजिश में उसकी हत्या करवाई है. फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
मृतक की पहचान समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के घोष लेन निवासी सूरज सोनी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सूरज के साथ रह रही महिला डॉली कुमारी उसे गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन शव को समस्तीपुर ले आए, जहां नगर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई.
परिजनों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले सूरज की दोस्ती समस्तीपुर के दुधपुरा निवासी चंदन कुमार से हुई थी. चंदन एक आभूषण दुकान में काम करता था और इसी कारण उसका सूरज के घर आना-जाना था. इसी दौरान सूरज और चंदन की पत्नी डॉली कुमारी के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गया. बताया जाता है कि वर्ष 2023 में दोनों ने मोरवा स्थित खुदनेश्वर धाम मंदिर में कथित रूप से शादी भी कर ली थी.
इस संबंध की जानकारी मिलने के बाद डॉली और उसके पहले पति चंदन कुमार के बीच विवाद बढ़ गया. इसके बाद डॉली और सूरज समस्तीपुर छोड़कर मुजफ्फरपुर चले गए, जहां दोनों पिछले छह महीने से किराये के मकान में साथ रह रहे थे.
मृतक के चाचा दुर्गा प्रसाद सोनी का आरोप है कि चंदन कुमार लगातार सूरज और उसके परिवार पर डॉली को छोड़ने का दबाव बना रहा था. उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद के चलते सूरज की हत्या कराई गई है. वहीं डॉली की मां बेबी कुमारी ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी चंदन कुमार से कराई थी. बाद में सूरज और डॉली के बीच प्रेम संबंध बन गए. उन्होंने कहा कि सूरज की मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है.
सूरज की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए और महिला के पहले पति पर हत्या कराने का आरोप लगाने लगे. घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है. प्रथम दृष्टया परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. उन्होंने बताया कि परिजनों से लिखित आवेदन मांगा गया है.