Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / बिहार में बेखौफ हुए अपराधी: किराए के मकान से निकलते ही मजदूर को...

बिहार में बेखौफ हुए अपराधी: किराए के मकान से निकलते ही मजदूर को सिर में मारी गोली, मौके पर मौत

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में अपराध की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अहियापुर इलाके में एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और कई पहलुओं से मामले की पड़ताल की जा रही..

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 15, 2026, 11:52:12 AM

बिहार में बेखौफ हुए अपराधी: किराए के मकान से निकलते ही मजदूर को सिर में मारी गोली, मौके पर मौत

- फ़ोटो

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं. अहियापुर थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक मजदूर की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब युवक अपने किराए के मकान से निकलकर चौड़ की ओर जा रहा था. गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.


मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था. वह अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ इलाके में किराए के मकान में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. बताया जा रहा है कि रविवार को भी वह रोज की तरह घर से निकला था, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बना लिया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने राकेश के सिर में बेहद करीब से गोली मारी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए.


वारदात की जानकारी मिलते ही नगर डीएसपी विनीता सिन्हा, अहियापुर थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है.


प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश को हत्या की एक प्रमुख वजह मानकर चल रही है. नगर डीएसपी विनीता सिन्हा ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि राकेश का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के कारण हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस अन्य सभी पहलुओं पर भी जांच कर रही है.


पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही संभावित आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


नगर डीएसपी ने कहा कि पुलिस की कई टीमें मामले के खुलासे में जुटी हैं और जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया जाएगा. इधर, इस सनसनीखेज हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.