Bihar News: मोतिहारी के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के पखनहिया मुसहरी गांव में अपराधियों ने CSP संचालक और हुंडी कारोबारी से 5 लाख रुपये से अधिक की लूट कर ली। जिसके बाद अपराधी गन्ने के खेत में छिप गए, लेकिन पुलिस ने 3 घंटे की घेराबंदी के बाद उन्हें फ़िल्मी अंदाज में लाइव सरेंडर करवाया।
यह घटना मोतिहारी के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के पखनहिया मुसहरी गांव में हुई है। अज्ञात अपराधियों ने बंदूक दिखाकर एक CSP संचालक और हुंडी कारोबारी से 5 लाख रुपये से अधिक की राशि से भरा बैग लूट लिया। लूट के बाद अपराधी गन्ने के खेत में भागकर छिप गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने हो-हल्ला किया, जिसके जवाब में अपराधियों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
ग्रामीणों की सूचना पर रामगढ़वा थाना पुलिस सहित अन्य थानों की टीमें मौके पर पहुंचीं और गन्ने के खेत की चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। पुलिस ने माइक के जरिए अपराधियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी। लगभग 3 घंटे की मशक्कत के बाद अपराधियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने लूटा गया बैग बरामद कर लिया है। रामगढ़वा थाना पुलिस ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी शिनाख्त व अन्य संलिप्त लोगों की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
रिपोर्टर: सोहराब





