1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 03, 2026, 9:30:04 PM
- फ़ोटो Reporter
Patna News: 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। सेंट्रल रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने पटना के एसएसपी और सात जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कई अहम निर्देश जारी किए।
बैठक में आईजी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर चुनाव का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सभी एसपी को अपने-अपने क्षेत्रों के सक्रिय और चुनाव प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। ऐसे लोगों के खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) की धारा-3 के तहत कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी, ताकि चुनाव से पहले उन्हें संबंधित क्षेत्र से तड़ीपार किया जा सके।
आईजी ने निर्देश दिया कि जेल में बंद कुख्यात अपराधियों की भी सूची तैयार की जाए। जिन अपराधियों के चुनाव के दौरान जेल से बाहर आने की संभावना है और जिनसे चुनाव प्रभावित होने का खतरा है, उनके खिलाफ CCA की धारा-12 के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जमानत पर बाहर चल रहे अपराधियों की गतिविधियों पर भी 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
समीक्षा बैठक में आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। आईजी ने चेतावनी दी कि यदि किसी थाना प्रभारी या पुलिस अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी थानों को गश्त बढ़ाने और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव के दौरान धनबल और नशे के इस्तेमाल को रोकने के लिए निगरानी टीमों और फ्लाइंग स्क्वायड को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। अवैध नकदी, शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष नजर रखी जाएगी।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के लिए विशेष मॉनिटरिंग टीम 24 घंटे सक्रिय रहेगी। होटल, लॉज और हॉस्टलों में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति वहां ठिकाना न बना सके। गंगा के दियारा क्षेत्रों में भी विशेष पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है।
आईजी जितेंद्र राणा ने कहा कि चुनाव के दौरान जातीय या क्षेत्रीय तनाव फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।