1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 03, 2026, 7:20:44 PM
- फ़ोटो Reporter
Patna Crime News: पटना पुलिस ने चर्चित आनंद कुमार हत्याकांड का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने की है।
बीते 30 मई 2026 को बेऊर थाना क्षेत्र में बाईपास किनारे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान आनंद कुमार, निवासी पैठानी नत्थुपुर, पटना के रूप में हुई थी। परिजनों के आवेदन पर बेऊर थाना कांड संख्या 320/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पहले 4 जून को उमेश कुमार उर्फ सुताली राय को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि आनंद कुमार की हत्या सुपारी देकर कराई गई थी। पुलिस के अनुसार, हत्या को अंजाम देने वाले शूटर पहले से ही दीदारगंज थाना के एक अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या की मुख्य वजह आनंद कुमार और भुटाली राय के बीच लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक जमीन विवाद था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव कुमार (47), आदर्श कुमार उर्फ गोलू (25), रौशन कुमार (20) और गौरी शंकर (46) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
रिपोर्ट- सूरज कुमार, पटना