1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Jul 03, 2026, 6:54:55 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Road Accident: बेगूसराय के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर स्थित एसएच-55 पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पीजी की परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
मृतका की पहचान बलिया थाना क्षेत्र के बरियारपुर वार्ड संख्या-7 निवासी रामचंद्र शर्मा की 22 वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान उज्जवल भारती के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि पूजा कुमारी पीजी की परीक्षा देने उज्जवल भारती के साथ आरसीएस कॉलेज, मंझौल गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर स्थित एसएच-55 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में पूजा कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उज्जवल भारती को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने तथा चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।