Hindi News / bihar / patna-news / पटना में ट्रैफिक पुलिस की पहल: घर से निकलने से पहले जान सकेंगे...

पटना में ट्रैफिक पुलिस की पहल: घर से निकलने से पहले जान सकेंगे जाम का हाल, फेसबुक पेज पर मिलेगा रियल-टाइम अपडेट

Patna Traffic Update: पटना यातायात पुलिस ने शहर में जाम की समस्या से राहत के लिए डिजिटल पहल शुरू की है। अब लोग ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट देखकर वैकल्पिक मार्ग चुन सकेंगे।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 17, 2026, 10:21:16 PM

Patna Traffic Update

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Patna Traffic Update: शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से लोगों को राहत देने के लिए पटना यातायात पुलिस ने एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। अब लोग घर से निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट देखकर अपने सफर की योजना बना सकेंगे।



इस पहल के तहत पटना ट्रैफिक पुलिस के फेसबुक पेज को एक सूचना केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां शहर की सड़कों की ताजा स्थिति, जाम, ट्रैफिक डायवर्जन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां नियमित रूप से साझा की जाएंगी।



नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि लोग किसी रूट पर निकलने से पहले वहां की ट्रैफिक स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यदि किसी मार्ग पर अधिक जाम या ट्रैफिक दबाव होगा, तो वाहन चालक समय रहते वैकल्पिक रास्ते का चुनाव कर सकेंगे और अपने समय की बचत कर पाएंगे।



पटना के यातायात पुलिस अधीक्षक सागर झा ने बताया कि राजधानी के प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम, अचानक सड़क बंद होने की स्थिति, ट्रैफिक डायवर्जन और वीआईपी मूवमेंट जैसी महत्वपूर्ण सूचनाएं फेसबुक पेज के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।



एसपी सागर झा ने शहरवासियों से अपील की है कि वे पटना ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से जुड़ें और यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें। उन्होंने लोगों से यह जानकारी अपने मित्रों और परिजनों तक साझा करने की अपील भी की, ताकि अधिक से अधिक लोग इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठा सकें। यातायात पुलिस का मानना है कि तकनीक आधारित यह पहल पटना की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों के सफर को आसान बनाने में मददगार साबित होगी।