1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 20, 2026, 10:59:20 AM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र स्थित कहरडीह गांव के महादलित टोला में बुधवार अहले सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार होने के बजाय शव के पास ही बैठा रहा। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतका की पहचान 45 वर्षीय उगनी देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम गगन मांझी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गगन मांझी को लंबे समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार सुबह भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में आकर गगन मांझी ने घर में रखा हसुआ उठाया और पत्नी उगनी देवी का गला रेत दिया। हमला इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी घर से भागा नहीं, बल्कि शव के पास बैठा रहा। कुछ देर बाद जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि गगन मांझी चिमनी भट्ठे पर मजदूरी करता था। उसकी शादी करीब 25 वर्ष पहले उगनी देवी से हुई थी। उगनी देवी का मायका कुरुशुड गांव में बताया जा रहा है। दंपति की कोई संतान नहीं थी और दोनों घर में अकेले रहते थे। परिवार के अन्य सदस्य पहले ही गुजर चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि हर पहलू से जांच की जा सके। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जानने में जुटी हुई है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी सतीश सुमन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध के शक में हत्या की बात सामने आई है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।