1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 14, 2026, 12:08:16 PM
- फ़ोटो
Bihar Flood News: बिहार के बेतिया जिले में बाढ़ ने एक मासूम की जान ले ली. योगापट्टी प्रखंड के सिसवा गांव में मंगलवार सुबह गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से सड़क पर बह रहे तेज पानी में एक 10 वर्षीय बच्ची बह गई. देखते ही देखते वह पानी की तेज धारा के साथ बहते हुए गांव के पोखरे में जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
मृत बच्ची की पहचान सिसवा गांव निवासी जिउत मुखिया की 10 वर्षीय पुत्री निकी कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे निकी किसी काम से सड़क पार कर रही थी. उस समय सड़क पर करीब पांच फीट तक बाढ़ का पानी तेज रफ्तार से बह रहा था. जैसे ही उसने सड़क पार करने की कोशिश की, उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर तेज बहाव में बह गई. कुछ ही क्षणों में वह बहते हुए गांव के पोखरे में पहुंच गई.
घटना को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कोई भी उसे सुरक्षित बाहर नहीं निकाल सका. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और बच्ची की तलाश शुरू कर दी. समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों और स्थानीय लोगों द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी.
गंडक नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर से सिसवा गांव समेत आसपास के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा गंभीर हो गया है. गांव की कई सड़कें जलमग्न हैं और उन पर तेज बहाव होने के कारण लोगों का आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए तो ऐसे हादसे दोबारा भी हो सकते हैं.