1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 14, 2026, 12:34:35 PM
- फ़ोटो
Bihar Liquor News: भोजपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांदी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली से करीब 1000 लीटर देसी शराब बरामद की है. हालांकि पुलिस की भनक लगते ही शराब तस्करी में शामिल दो सगे भाई मौके से फरार हो गए. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
पुलिस अधीक्षक राज की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंगलवार सुबह चांदी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के खनगांव बांध के पास बड़ी मात्रा में अवैध देसी शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश रौशन के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद दोनों तस्कर ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर मौके से फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें ट्रॉली पर लदी करीब 1000 लीटर देसी शराब बरामद हुई. पुलिस ने पूरी खेप के साथ ट्रैक्टर-ट्राली को भी जब्त कर लिया.
जांच के दौरान फरार आरोपितों की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के खनगांव गांव निवासी दो सगे भाइयों विकास यादव और रितेश यादव के रूप में हुई है. दोनों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत चांदी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस के अनुसार, विकास यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ शराब तस्करी और आर्म्स एक्ट समेत करीब तीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. हाल ही में वह आर्म्स एक्ट के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था.
पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था.