Hindi News / bihar / gopalganj-news / अमेरिका-ईरान जंग में गई बिहार के युवक की जान, दुबई के पास जहाज...

अमेरिका-ईरान जंग में गई बिहार के युवक की जान, दुबई के पास जहाज पर हमले में सोनू की मौत

Bihar News: अमेरिका-ईरान सैन्य तनाव के बीच हुए हमले में दुबई के पास एक जहाज पर काम कर रहे बिहार के गोपालगंज निवासी सोनू कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम है, वहीं बढ़ते तनाव के बीच रूस ने अपना आधुनिक कमांड विमान तेहरान भेजा है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 14, 2026, 1:15:25 PM

Bihar News

- फ़ोटो Google

Bihar News: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब बिहार तक पहुंच गया है। संघर्ष के दौरान हुए एक हमले में गोपालगंज जिले के एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया है।



मृतक की पहचान गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के विदेशी टोला गांव निवासी और जूता-चप्पल व्यवसायी संजय गुप्ता के 30 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोनू पिछले दो वर्षों से दुबई में एक शिप पर कार्यरत था।



परिजनों ने बताया कि सोमवार रात सोनू के सहकर्मियों ने फोन कर हादसे की जानकारी दी। उनके अनुसार, ईरान की ओर से अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों के दौरान जहाज पर आग का गोला और मलबा आ गिरा। इसकी चपेट में आने से सोनू कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।



सहकर्मियों ने यह भी बताया कि इलाके में लगातार हो रहे हवाई हमलों के कारण वे दहशत में हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। सोनू कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार अब सरकार से शव को भारत लाने और हरसंभव सहायता की मांग कर रहा है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज