Hindi News / crime / युवक की चाकू मारकर हत्या, काली मंदिर के बरामदे में मिला शव; CCTV...

युवक की चाकू मारकर हत्या, काली मंदिर के बरामदे में मिला शव; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Bihar Crime News: दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र में काली मंदिर के बरामदे से 38 वर्षीय युवक का चाकू से गोदा हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सीसीटीवी फुटेज और एफएसएल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 14, 2026, 1:51:37 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Google

Bihar Crime News: बिहार के दरभंगा जिले में एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान घनश्यामपुर स्थित काली मंदिर के बरामदे में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।



घटना सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान घनश्यामपुर पीडब्ल्यूडी सड़क किनारे स्थित उजान काली मंदिर की है। मंगलवार सुबह मंदिर में पूजा करने पहुंची महिलाओं ने बरामदे में खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जुट गए।



मृतक की पहचान गंगौली कनकपुर पंचायत के कनकपुर वार्ड-8 निवासी स्वर्गीय मनेश्वर ठाकुर के 38 वर्षीय पुत्र मनोज ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज अविवाहित था और स्थानीय दुकानों में कभी-कभार मजदूरी या अन्य काम करता था। वह लोगों से कम बातचीत करता था।



परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मनोज के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी शादीशुदा बहन कनकपुर स्थित मायके में रहती है, लेकिन मनोज अपने घर के बजाय अक्सर काली मंदिर या पास की एक दुकान के बरामदे में रात गुजारता था। उसका गांव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर है।



घटना की सूचना मिलते ही सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार और बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।