Hindi News / bihar / gopalganj-news / बिहार में रफ्तार का कहर: स्कूली वैन के नीचे फंसे 11 वर्षीय बच्चे...

बिहार में रफ्तार का कहर: स्कूली वैन के नीचे फंसे 11 वर्षीय बच्चे को 2 किलोमीटर तक घसीटता रहा चालक, हालत गंभीर

Bihar Road Accident: गोपालगंज में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एक स्कूली वैन की चपेट में आने से 11 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक के फरार होने की बात सामने आई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 15, 2026, 12:31:45 PM

बिहार में रफ्तार का कहर: स्कूली वैन के नीचे फंसे 11 वर्षीय बच्चे को 2 किलोमीटर तक घसीटता रहा चालक, हालत गंभीर

- फ़ोटो

Bihar Road Accident: गंज जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार स्कूली वैन की चपेट में आने से 11 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय बच्चे को करीब दो किलोमीटर तक घसीट दिया. इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया.


घटना नगर थाना क्षेत्र के जादोपुर मोड़ के समीप की है जानकारी के अनुसार, शहर के सरेया वार्ड संख्या-4 निवासी विजय गुप्ता का 11 वर्षीय पुत्र ईसान कुमार घर से सामान खरीदने जा रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्कूली वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बच्चा वैन के नीचे फंस गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और उसे करीब दो किलोमीटर तक घसीटते हुए हजियापुर मोड़ तक ले गया.


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बच्चे को वैन के नीचे घसीटता देख लोगों ने शोर मचाया और वाहन रोकने की कोशिश की. स्थानीय लोगों ने पीछा कर किसी तरह वैन रुकवाई, लेकिन भीड़ जुटते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. इसके बाद लोगों ने गंभीर रूप से घायल ईसान कुमार को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया.


सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.


घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कूली वैन को जब्त कर लिया. नगर थाना प्रभारी प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके.


हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने लापरवाह वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वाहन रोक दिया जाता, तो बच्चे को इतनी गंभीर चोटें नहीं लगतीं. फिलहाल पुलिस मामले की  जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है.