Bihar News: मुंगेर के कासिमबाजार थाना क्षेत्र में स्थित वी-मार्ट मॉल के बेसमेंट में बने सीटी स्कैन सेंटर और लैब में सोमवार देर शाम शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग की लपटों और धुएं ने मॉल और इसके ऊपरी हिस्से में बने रेस्टोरेंट को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारी और लोग घबरा कर सड़क पर भागे।
जानकारी के अनुसार, बेसमेंट में सीटी स्कैन सेंटर और अन्य जांच के लिए कई मशीनें स्थापित थीं। आग लगने से पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 नंबर, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की तीन बड़ी और एक छोटी दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मॉल, लैब और ऊपरी हिस्से में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
आगलगी के दौरान आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक सीटी स्कैन सेंटर की लाखों रुपये की मशीनें और उपकरण क्षतिग्रस्त हो चुके थे। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और फायर ब्रिगेड मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
रिपोर्टर: मो. इम्तियाज






