Bihar News: बिहार के गयाजी में नई दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज चोरी की घटना ने रेलवे प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। चोरों ने ट्रेन के 5 कोच में सवार यात्रियों के बैग, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया है। इसके बाद चेन खींचकर ट्रेन को रोका और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस वारदात से ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई और रेलवे पुलिस के सामने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
यह घटना डीडीयू-गया रेलखंड के परैया और कष्ठा स्टेशनों के बीच रात करीब 2 बजे हुई है। चोरों के कारण ट्रेन आधे घंटे से अधिक समय तक रुकी रही। इन चोरों ने 5 कोच में लूटपाट मचाई है। यात्रियों का कहना है कि उनके पर्स, मोबाइल और लैपटॉप जैसे कीमती सामान चुराए गए हैं। अनुमान है कि करीब एक दर्जन यात्रियों का सामान चोरी हुआ है।
सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय परैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रेल डीएसपी की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई है, जो चोरों की तलाश में छानबीन कर रही है। मौके से कुछ खाली बैग बरामद हुए हैं, जिनका सामान चोर निकाल ले गए। पुलिस को शक है कि यह किसी सुनियोजित गिरोह का काम हो सकता है। गौरतलब है कि दो महीने पहले भी गया-कोडरमा रेलखंड के टनकुप्पा स्टेशन के पास इसी ट्रेन में चोरी की घटना हो चुकी है।






