Hindi News / bihar / darbhanga-news / बिहार में करंट से 15 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग...

बिहार में करंट से 15 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया सड़क जाम

Bihar News: दरभंगा में करंट लगने से 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 14, 2026, 5:14:09 PM

बिहार में करंट से 15 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया सड़क जाम

- फ़ोटो

Bihar Electric Shock News: दरभंगा जिले के मब्बी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.


मिली जानकारी के अनुसार, मब्बी थाना क्षेत्र के हरीपुर चौक स्थित एक होटल के पास लगे लोहे के बिजली के खंभे में करंट प्रवाहित हो रहा था. मंगलवार सुबह 15 वर्षीय सुजीत कुमार शौच के लिए घर से निकला था. इसी दौरान उसका हाथ बिजली के खंभे से छू गया और वह तेज करंट की चपेट में आ गया. करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर गिर पड़ा.


घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया.


घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने मुख्य सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, बिजली विभाग की लापरवाही की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. सड़क जाम के कारण लंबे समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा.


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें उचित कार्रवाई और सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता का भरोसा दिलाया.