Hindi News / movies / बिहार में फिल्म की शूटिंग होगी आसान, मेकर्स को बस एक क्लिक पर...

बिहार में फिल्म की शूटिंग होगी आसान, मेकर्स को बस एक क्लिक पर मिलेंगे एक्टर्स और टेक्निशियन; कलाकारों को घर बैठे मिलेगा काम

Bihar Film Policy: बिहार में फिल्म शूटिंग को आसान बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। फिल्म निर्माता अब बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की वेबसाइट पर स्थानीय कलाकारों, टेक्निशियनों और वेंडर्स की जानकारी लेकर सीधे चयन कर सकेंगे।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 14, 2026, 4:03:44 PM

Bihar Film Policy

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो AI

Bihar Film Policy: बिहार में फिल्म बनाने वाले निर्माता और निर्देशकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब राज्य में शूटिंग के लिए उन्हें दूसरे राज्यों से कलाकारों, तकनीशियनों और अन्य संसाधनों की व्यवस्था करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिहार में ही एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए एक्टर, फोटोग्राफर, वीडियो एडिटर, कैमरामैन, स्पॉट बॉय, सिंगर, असिस्टेंट, मेकअप आर्टिस्ट, ड्रेस डिजाइनर, टेक्निशियन, वाहन और फूड सप्लायर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।



फिल्म निर्माताओं को कला एवं संस्कृति विभाग के बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की वेबसाइट film.bihar.gov.in पर रजिस्टर्ड कलाकारों और वेंडर्स का चयन करना होगा। इस पोर्टल पर अब तक 800 से अधिक कलाकारों और 26 वेंडर्स ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है।



अधिकारियों के अनुसार, इस पोर्टल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां रजिस्ट्रेशन पूरी तरह मुफ्त है। इससे बिहार के स्थानीय कलाकारों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और फिल्म निर्माताओं का समय व खर्च दोनों बचेंगे।



बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की वेबसाइट पर निर्माता, कलाकार और वेंडर के रूप में रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। रजिस्ट्रेशन के बाद यूजर की एक प्रोफाइल तैयार हो जाती है, जिसमें उसके काम, अनुभव और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध रहती है।



फिल्म निर्माता वेबसाइट पर आर्टिस्ट या वेंडर कैटेगरी में जाकर संबंधित लोगों की पूरी जानकारी, काम के सैंपल और अनुभव देख सकते हैं। इसके बाद वे अपनी जरूरत के अनुसार सीधे कलाकारों और सेवाप्रदाताओं को बुक कर सकेंगे।



नई व्यवस्था के बाद फिल्म निर्माताओं को शूटिंग के लिए जरूरी लोगों की तलाश में परेशान नहीं होना पड़ेगा। पोर्टल पर अभिनेता, थिएटर आर्टिस्ट, सिंगर, वीडियो एडिटर, फोटोग्राफर, सिनेमेटोग्राफर, कैमरामैन, असिस्टेंट, ड्रेस डिजाइनर, मेकअप आर्टिस्ट, स्पॉट बॉय और अन्य लॉजिस्टिक सेवाओं से जुड़े लोगों की जानकारी उपलब्ध होगी।



इस डिजिटल डेटाबेस से बिहार के प्रतिभाशाली कलाकारों और तकनीशियनों को अपने राज्य में ही बड़े प्रोजेक्ट्स में काम करने का मौका मिलेगा। पहले कई कलाकारों को काम की तलाश में मुंबई और दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था।



अधिकारियों के मुताबिक, बिहार में अब तक 54 फिल्मों की शूटिंग को अनुमति दी जा चुकी है। राज्य अपनी ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों के कारण फिल्म निर्माताओं की पसंद बनता जा रहा है।फिल्म नीति के तहत सरकार लगातार नई शूटिंग लोकेशन और अनछुए पर्यटन स्थलों की तलाश कर रही है, ताकि फिल्मों के माध्यम से बिहार की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा दिया जा सके।



वर्तमान में बिहार के कई प्रमुख स्थानों पर फिल्मों की शूटिंग जारी है। इनमें वाल्मीकिनगर, राजगीर, बांका और रोहतास जैसे क्षेत्र प्रमुख हैं। सरकार का लक्ष्य है कि फिल्म उद्योग को बढ़ावा देकर राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएं और स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए।