Hindi News / bihar / buxar / मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चल रही थी शराब पार्टी… तभी पुलिस ने दे...

मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चल रही थी शराब पार्टी… तभी पुलिस ने दे दी दस्तक, कट्टा-कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार

Bihar Crime News: बक्सर में पुलिस ने एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चल रही कथित शराब पार्टी का खुलासा किया है. छापेमारी के दौरान तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद होने की बात सामने...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 14, 2026, 6:14:49 PM

मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चल रही थी शराब पार्टी… तभी पुलिस ने दे दी दस्तक, कट्टा-कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बक्सर जिले के डुमरांव शहर में पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चल रही शराब पार्टी का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब पी रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पास से देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के एक मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में कुछ युवक शराब पी रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी मौजूद हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान पर छापेमारी की.


पुलिस को देखते ही दुकान में मौजूद एक युवक हथियार छिपाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों की सतर्कता के कारण उसे मौके पर ही दबोच लिया गया. इसके बाद दुकान की सघन तलाशी ली गई, जिसमें एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और शराब बरामद हुई.


गिरफ्तार तीनों युवकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार वशिष्ठ तिवारी ने बरामद देसी कट्टा और कारतूस को अपना बताया. इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट और बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया.


गिरफ्तार आरोपितों की पहचान डुमरांव निवासी प्रकाश कुमार मिश्रा, बक्सर के उपाध्यायपुर निवासी वशिष्ठ तिवारी तथा शहर नौ के राजगढ़ निवासी राहुल कुमार उर्फ दशरथ कुमार के रूप में हुई है. पुलिस अब तीनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका संबंध किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से तो नहीं है.


इस कार्रवाई में एएसपी के अलावा सीआई अरविंद कुमार, संजय कुमार सिन्हा, शैलेश कुमार शर्मा, एएसआई बबीता कुमारी, डीआईयू टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे. एएसपी ने बताया कि जिले में अवैध शराब, हथियार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.