1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 31, 2026, 7:50:58 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Politics: बिहार सरकार के मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के हालिया बयान पर तीखा जवाब दिया है। खगड़िया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति कभी जदयू को 25 सीटों पर सिमटने और मुख्यमंत्री को राजनीति से खत्म होने का दावा करता था, वह खुद चुनावी मैदान में असफल साबित हो गया।
श्रवण कुमार ने कहा कि प्रशांत किशोर ने पहले जनता के बीच यह वादा किया था कि यदि उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली तो वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। ऐसे में उन्हें अब अपने उस वादे और प्रतिबद्धता को पूरा करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बड़े-बड़े दावे करने वाले लोग चुनाव आते ही मैदान में उतरकर दूसरों को कमतर दिखाने की कोशिश करते हैं।
बिहार में होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर एनडीए की हार के प्रशांत किशोर के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि कौन जीतेगा और कौन हारेगा, इसका फैसला जनता और समय करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
इस दौरान श्रवण कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने के नोटिस के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है, इसलिए सभी को कानून का सम्मान करना चाहिए और नियमानुसार कार्रवाई का पालन करना चाहिए।