Hindi News / politics / ‘10 सर्कूलर रोड़ में वास्तु दोष, जगह बदलेंगी तो भाग्य उदय हो जाएगा’,...

‘10 सर्कूलर रोड़ में वास्तु दोष, जगह बदलेंगी तो भाग्य उदय हो जाएगा’, राबड़ी देवी को शाहनवाज हुसैन की सलाह

Bihar politics: भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने राबड़ी देवी के सरकारी आवास विवाद पर बयान देते हुए कहा कि उन्हें नया बंगला स्वीकार कर लेना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि स्थान बदलने से राजनीतिक परिस्थितियां भी बदल सकती हैं।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated May 31, 2026, 9:18:59 PM

Bihar politics

- फ़ोटो Reporter

Bihar politics: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर चल रहे विवाद पर बड़ा बयान दिया है। रविवार देर शाम मुजफ्फरपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राबड़ी देवी को पहले से बेहतर सरकारी आवास दिया जा रहा है, इसलिए इस मामले पर अनावश्यक विवाद खड़ा करना पूरी तरह गलत है।


शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राबड़ी देवी को सरकार की ओर से जो नया बंगला आवंटित किया जा रहा है, वह बेहद आलीशान है। वहां पहले एक कैबिनेट मंत्री रहा करते थे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि नए आवास में तमाम आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं और वहां एक बड़ा पोखर भी है, जिसमें आराम से मछली पालन भी किया जा सकता है।


उन्होंने कहा कि जनता के बीच ऐसा गलत संदेश भेजना ठीक नहीं है। उन्होंने खुलासा किया कि जिस पुराने आवास को लेकर विवाद हो रहा है, उसे दलित समाज के एक प्रमुख नेता को आवंटित किए जाने की बात सामने आ रही है। शाहनवाज ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास को छोड़कर कोई भी सरकारी बंगला स्थायी नहीं होता। सरकार की आवश्यकता और पदों के अनुसार समय-समय पर इसमें बदलाव होना एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है।


राबड़ी देवी को नसीहत देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें बिना किसी हिचकिचाहट के नए आवास में शिफ्ट हो जाना चाहिए। किसी भी नेता को सरकारी बंगले से इतना अत्यधिक लगाव नहीं रखना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब से राबड़ी देवी उस पुराने आवास में रहने गई थीं, तभी से राष्ट्रीय जनता दल की राजनीतिक स्थिति लगातार कमजोर होती चली गई।


शाहनवाज हुसैन ने इस विवाद में वास्तु शास्त्र का कोण जोड़ते हुए कहा कि वह पुराना आवास वास्तु के दृष्टिकोण से भी ठीक नहीं लगता है। उन्होंने मुस्कुराते हुए सलाह दी कि मेरी व्यक्तिगत राय है कि राबड़ी देवी अगर अपना ठिकाना बदलेंगी, तो शायद उनकी पार्टी और परिवार का भाग्य भी खुल जाएगा।