1st Bihar Published by: Viveka Nand Updated Jun 19, 2026, 4:59:05 PM
- फ़ोटो Google
Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी कैबिनेट के तीन मंत्रियों को बड़ी जिम्मेदारी दी है. सीएम ने तीन वरिष्ठ मंत्रियों को विधानमंडल में अपने विभाग के संबंधित सवालों के जवाब देने के लिए अधिकृत किया है. इनमें भाजपा से केवल एक नीतीश मिश्रा शामिल हैं. वहीं जेडीयू कोटे से डिप्टी सीएम बने विजय चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव को यह जिम्मेदारी दी गई है.
मुख्यमंत्री सचिवालय के संयुक्त सचिव अंजनी कुमार ने संसदीय कार्य विभाग के अपर सचिव को पत्र लिखा है. जिसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने विधान मंडल के आगामी सत्रों के लिए अपने प्रभार के विभाग से संबंधित प्रश्नों, ध्यानाकर्षण सूचना एवं अन्य विधायी कार्यों के लिए तीन मंत्रियों को प्राधिकृत किया है.
सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग एवं सिविल विमानन विभाग के सवालों का जवाब वित्त मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव देंगे. जबकि गृह विभाग के सवालों का जवाब देने का जिम्मा जल संसाधन विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास होगा. वहीं निगरानी विभाग एवं निर्वाचन विभाग के सवाल, ध्यानाकर्षण सूचनाओं का जवाब नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा देंगे.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा कोटे से नगर विकास विभाग का जिम्मा संभाल रहे नीतीश मिश्रा को यह बड़ी जिम्मेदारी दी है. ये नीतीश कुमार की पहली कैबिनेट (2005-10) में बिजेन्द्र प्रसाद यादव के साथ मंत्री रह चुके हैं. इसके बाद भी कई विभागों का जिम्मा संभाल चुके हैं या संभाल रहे हैं. उद्योग मंत्री रहते नीतीश मिश्रा ने कम अवधि में बेहतर कार्य किए. अब मुख्यमंत्री ने नगर विकास जैसा महत्वपूर्ण विभाग, जिसके तहत बिहार में सेटेलाइट टाउनशिप बसाने की योजना पर काम शुरू है, जिम्मेदारी दी है.