1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 19, 2026, 5:31:49 PM
- फ़ोटो ai
बिहार के मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया से शुरू हुई एक दोस्ती अब गंभीर आरोपों के मामले में बदल गई है. एक नाबालिग छात्रा ने युवक पर शादी का झांसा देकर शोषण करने, नशीली ड्रिंक पिलाकर गलत हरकत करने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता ने महिला थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक से हुई थी. बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. छात्रा के अनुसार, युवक ने उसे अपने जन्मदिन की पार्टी में बुलाया, जहां कथित तौर पर उसे नशीली पदार्थ मिली ड्रिंक पिलाई गई.
पीड़िता का आरोप है कि ड्रिंक पीने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोशी जैसी स्थिति में चली गई. इसी दौरान युवक ने उसके साथ गलत व्यवहार किया. घटना के बाद युवक ने बदनामी का डर दिखाकर शादी करने का भरोसा दिया.
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी युवक लगातार शादी का वादा करता रहा और इसी बहाने उससे संपर्क बनाए रखा. पीड़िता का आरोप है कि युवक ने कई बार उसका शोषण किया.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि वह गर्भवती हो गई थी. इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से गर्भपात कराने का दबाव बनाया और शादी करने से पीछे हट गया. जब छात्रा ने शादी के लिए दबाव बनाया तो युवक ने इनकार कर दिया.
पीड़िता के अनुसार, इसके बाद उसे परेशान और ब्लैकमेल करने की कोशिश भी की गई. परेशान होकर उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की.
बताया जा रहा है कि पीड़िता मिठनपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है और आर्थिक परेशानी के कारण एक मॉल में काम करती है. इसी दौरान उसकी पहचान आरोपी युवक से हुई, जो एक अन्य मॉल में काम करता था.
मामले को लेकर टाउन डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि नाबालिग छात्रा की शिकायत मिली है. आवेदन के आधार पर महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.