Hindi News / politics / बंगला खाली करने के लिए सिंगापुर से जल्दी वापस लौटे लालू: कहा-ये...

बंगला खाली करने के लिए सिंगापुर से जल्दी वापस लौटे लालू: कहा-ये सब पागल हो गया है, एक सप्ताह में आवास खाली करेंगे, मीसा भारती भी अपने सुरक्षाकर्मियों को लौटायेंगी

सिंगापुर से लौटे लालू प्रसाद यादव ने सरकारी बंगला खाली कराने और सुरक्षा घटाने के मुद्दे पर बिहार सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "ये सब पागल हो गए हैं" और एक सप्ताह के भीतर आवास खाली करने की बात कही।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 07, 2026, 7:00:00 PM

बिहार न्यूज

मीसा के साथ वापस लौटे लालू - फ़ोटो सोशल मीडिया

PATNA: पटना में लालू-राबड़ी के सरकारी बंगले को खाली करने के साथ साथ सुरक्षा को लेकर मचे घमासान के बीच लालू प्रसाद यादव सिंगापुर से वापस लौट आये हैं. दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए लालू प्रसाद यादव ने बिहार सरकार को लेकर कहा कि ये सब पागल हो गये हैं. हम इनका केयर नहीं करते , जो करना है कर लें. 


मीसा के साथ वापस लौटे लालू

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सिंगापुर से अपनी बड़ी बेटी मीसा भारती के साथ दिल्ली वापस लौटे. एयरपोर्ट पर एक चैनल से बात करते हुए लालू यादव ने बंगला खाली कराये जाने और सुरक्षा घटाने पर कहा कि ये सब पागल हो गये हैं.  ये घृणा है. हम  इसका कोई केयर नहीं करते हैं. इन लोगों को जो करना है करे. 


एक सप्ताह में बंगला खाली करेंगे लालू-राबड़ी

लालू यादव के साथ लौटी मीसा भारती ने कहा कि सरकार निश्चिंत रहें, हम उनके 15 दिनों के अल्टीमेटम से पहले बंगला खाली कर देंगे. मीसा भारती ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर राबड़ी देवी अपना सरकारी घर खाली कर देंगी. बिहार सरकार को उस बंगले में जो करना है करे. मीसा भारती ने कहा कि हम लोग सिंगापुर से इसलिए जल्दी आये हैं सरकारी आवास को जल्दी खाली कर दें. 


लालू-राबड़ी सुरक्षा नहीं लेंगे, मीसा भी वापस करेंगी

मीसा भारती ने कहा कि  शायद बिहार सरकार को लालू यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में लगे पुलिस वालों की ज्यादा जरूरत थी, इसलिए दोनों की सुरक्षा कम कर दी गई है. अब लालू यादव और राबड़ी देवी को सुरक्षा की जरूरत नहीं है. लालू-राबड़ी जनता के दिलों में बसते हैं. हमलोगों की सुरक्षा जनता कर लेगी. 


मीसा भारती ने कहा कि मुझे भी सांसद होने के नाते तीन सुरक्षाकर्मी दिये गये हैं. मैं उन्हें वापस करने जा रही हूं. मुझे ही किसी सुरक्षाकर्मी की जरूरत नहीं है. सरकार उनका उपयोग  करे. मीसा भारती ने कहा कि देश में लाखों बच्चों का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है. नीट का प्रश्नपत्र लीक किया जा रहा है. छात्र तबाह हैं और बिहार सरकार को सुरक्षा और बंगले की फिक्र लगी है.