Hindi News / crime / जमुई में शराब तस्करों की नई चाल नाकाम, फर्जी पोस्टल वैन से लाखों...

जमुई में शराब तस्करों की नई चाल नाकाम, फर्जी पोस्टल वैन से लाखों की विदेशी शराब बरामद

जमुई के सिमुलतला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक विभाग का फर्जी बोर्ड लगाकर शराब तस्करी कर रही पिकअप वैन को पकड़ लिया। वाहन से 1,080 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की गई, जबकि चालक को गिरफ्तार कर तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी

1st Bihar Published by: Dhiraj Kumar Singh Updated Jun 07, 2026, 9:25:48 PM

बिहार न्यूज

शराबबंदी पर सवाल - फ़ोटो रिपोर्टर

JAMUI: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धता बताने के लिए शराब तस्करों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए हथकंडों का एक और बड़ा खुलासा जमुई जिले के सिमुलतला थाना क्षेत्र में हुआ है। रविवार को सिमुलतला थाना पुलिस ने डाक विभाग का फर्जी बोर्ड लगाकर शराब की खेप ढो रही एक पिकअप वैन को फिल्मी अंदाज में पीछा कर पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वैन से एक हजार लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया।


थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से भारी मात्रा में शराब की खेप इलाके से होकर गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रेलवे सबवे के समीप वाहनों की सघन जांच और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध पिकअप वैन दिखाई दी, जिस पर डाक पार्सल सेवा का बोर्ड लगा हुआ था।


पुलिस ने जब वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वैन का पीछा शुरू किया। कुछ देर तक चले पीछा के बाद थाना गेट के ठीक सामने वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया गया। मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।


गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के धनबाद जिले के धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमसिया निवासी 28 वर्षीय कृष्णा धीवर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि शराब की खेप धनबाद से लाई गई थी और उसे देवघर में यह वाहन सौंपा गया था। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए ग्रामीण और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया था तथा डाक विभाग का बोर्ड लगाकर जांच एजेंसियों को भ्रमित करने की कोशिश की थी।


जांच के दौरान पुलिस ने वाहन से कुल 121 कार्टन रॉयल मैंशन गोल्ड व्हिस्की बरामद की। इनमें 180 एमएल, 375 एमएल और 750 एमएल की कुल 3,060 बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 1,080.72 लीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।


इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष रूबी कुमारी के साथ अवर निरीक्षक पंकज कुमार, नीलम कुमारी, आयुषी तथा गश्ती दल के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और मोबाइल संपर्कों की जांच में जुट गई है। इस कार्रवाई को शराब माफियाओं के खिलाफ जमुई पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।