Hindi News / politics / सीएम सम्राट चौधरी आज से लगाएंगे सहयोग शिविर, मुख्यमंत्री सचिवालय में सुनेंगे जनता...

सीएम सम्राट चौधरी आज से लगाएंगे सहयोग शिविर, मुख्यमंत्री सचिवालय में सुनेंगे जनता की शिकायतें; समस्या का होगा ऑन द स्पॉट समाधान

Sahyog Shivir Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज से सहयोग शिविर की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय में लगने वाले इस शिविर में जनता की शिकायतें सुनी जाएंगी और समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 14, 2026, 8:51:47 AM

Bihar Politics

- फ़ोटो File

Sahyog Shivir Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार से सहयोग शिविर की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में वैसे आवेदकों की शिकायतें सुनी जाएंगी, जो जिला स्तर पर सहयोग कार्यक्रम के तहत हुए समाधान से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे लोग अपनी समस्या सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सकेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार की तर्ज पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लोगों की शिकायतें सुनेंगे और उनके समाधान के लिए मौके पर ही कार्रवाई करेंगे।



जनता दरबार की जगह अब सहयोग शिविर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनता दरबार की जगह सहयोग शिविर नाम से यह पहल शुरू की है। इस कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। सहयोग शिविर हर महीने के दूसरे मंगलवार को आयोजित किया जाएगा।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा था कि सरकार की प्रतिबद्धता है कि प्रत्येक नागरिक की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका न्यायसंगत, प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सहयोग कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद, जन विश्वास और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन की सुविधा

सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी के लिए निशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी किया गया है। इसके अलावा लोग सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए आवेदकों को सहयोग पोर्टल पर जाकर राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम का चयन करना होगा। इसके बाद पहले दिए गए आवेदन का रेफरेंस नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करना होगा। सत्यापन के बाद पुराने आवेदन का विवरण जैसे नाम, जिला और शिकायत की जानकारी स्वत: दर्ज हो जाएगी। चयनित आवेदकों को सहयोग शिविर की तारीख, समय और अन्य जरूरी जानकारी एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी।



सात निश्चय पार्ट-3 के तहत शुरू हुआ कार्यक्रम

सहयोग शिविर को बिहार सरकार के सात निश्चय पार्ट-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ योजना से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकार-जनता के बीच संवाद को मजबूत करना है।



नीतीश कुमार के जनता दरबार की तर्ज पर पहल

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में हर सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जनता दरबार आयोजित किया जाता था। 5 जून 2016 को लोक शिकायत निवारण कानून लागू होने के बाद जनता दरबार कार्यक्रम बंद कर दिया गया था। करीब पांच साल बाद जनता दरबार की शुरुआत फिर हुई और इसे मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित किया जाने लगा। नीतीश कुमार महीने के पहले तीन सोमवार को जनता दरबार लगाते थे। अब इसी व्यवस्था की तर्ज पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों की शिकायतें सुनेंगे।