Hindi News / crime / पत्नी ने खोली सार्जेंट मेजर की पोल! मारपीट, गर्भपात के दबाव और महिला...

पत्नी ने खोली सार्जेंट मेजर की पोल! मारपीट, गर्भपात के दबाव और महिला अफसर से रिश्ते का आरोप; FIR दर्ज

Bihar Police: बिहार पुलिस के एक सार्जेंट मेजर पर उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने घरेलू हिंसा, मारपीट और अन्य गंभीर शिकायतें दर्ज कराई हैं। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जबकि कई आरोपों की सच्चाई जांच के बाद...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 14, 2026, 10:26:56 AM

पत्नी ने खोली सार्जेंट मेजर की पोल! मारपीट, गर्भपात के दबाव और महिला अफसर से रिश्ते का आरोप; FIR दर्ज

- फ़ोटो

Bihar Police: बिहार पुलिस में तैनात एक ट्रैफिक सार्जेंट मेजर पर उनकी पत्नी ने घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता का दावा है कि उनके पति ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, गर्भपात कराने का दबाव बनाया और एक महिला पुलिस अधिकारी से संबंध होने की बात कहकर तलाक लेने के लिए मजबूर किया. मामले में पटना के सचिवालय थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.


पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि वर्ष 2022 में दोनों ने प्रेम विवाह किया था. शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. महिला का आरोप है कि उनके पति का एक महिला पुलिस अधिकारी से संबंध है और वह उसी से शादी करना चाहते हैं. इसके बाद उन्हें लगातार तलाक देने या दहेज में मोटी रकम लाने का दबाव बनाया जाने लगा.


महिला का आरोप है कि पति ने तलाक के बदले 10 लाख रुपये देने की पेशकश भी की थी. जब उन्होंने इससे इनकार कर दिया तो उनके साथ लगातार मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती थी.


पीड़िता के अनुसार, शनिवार को पति ने समझौते के बहाने उन्हें पटना बुलाया. उनका आरोप है कि सचिवालय थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में उनके साथ मारपीट की गई. किसी तरह वह वहां से निकलकर अपनी जान बचाते हुए सीधे सचिवालय थाना पहुंचीं और पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई.


सचिवालय थाना पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, आरोपित ट्रैफिक सार्जेंट मेजर की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.