1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 08, 2026, 12:00:30 PM
शिक्षक ट्रांसफर प्रक्रिया अंतिम चरण - फ़ोटो Reporter
Bihar Teacher Transfer: बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी आज गोपालगंज पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले थावे मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद समाहरणालय परिसर में विभागीय समीक्षा बैठक में शामिल हुए। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के तबादले को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि राज्य में नई शिक्षक स्थानांतरण नीति के तहत तबादले की पूरी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। विभाग अगले कुछ दिनों में स्थानांतरण का विस्तृत शेड्यूल जारी करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक ट्रांसफर पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से होगा।
मंत्री ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता पहले छात्र-शिक्षक अनुपात को संतुलित करना है। जब तक सभी विद्यालयों में आवश्यक संख्या में शिक्षक उपलब्ध नहीं हो जाते, तब तक स्थानांतरण प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हो चुकी है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शेड्यूल जारी होने के बाद शिक्षक निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन करेंगे और नियमों के अनुरूप उनका स्थानांतरण किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी ताकि किसी भी शिक्षक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज