Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / पहली ही बारिश ने खोली पोल: मुजफ्फरपुर के SKMCH परिसर में जलजमाव,...

पहली ही बारिश ने खोली पोल: मुजफ्फरपुर के SKMCH परिसर में जलजमाव, मरीज और डॉक्टर हुए बेहाल

Bihar News: मुजफ्फरपुर के SKMCH अस्पताल परिसर में मॉनसून की पहली तेज बारिश के बाद जलभराव हो गया। इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी मार्ग और हॉस्टल के सामने पानी भरने से मरीजों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jul 08, 2026, 2:15:50 PM

Bihar News

बारिश ने खोली पोल - फ़ोटो Reporter

Bihar News: उत्तर बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH), मुजफ्फरपुर में मॉनसून की पहली तेज बारिश ने स्वास्थ्य व्यवस्था और जल निकासी के दावों की पोल खोल दी है। बुधवार को हुई भारी बारिश के बाद पूरा अस्पताल परिसर जलमग्न हो गया।



अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी जाने वाले रास्ते और जूनियर डॉक्टरों के हॉस्टल के सामने कई फीट तक पानी जमा हो गया है। जलभराव के कारण पूरा परिसर टापू जैसा नजर आने लगा है। इससे मरीजों, उनके परिजनों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



हालात इतने खराब हैं कि तीमारदार अपने मरीजों को गोद में उठाकर या स्ट्रेचर को पानी के बीच से ले जाने को मजबूर हैं। वहीं, डॉक्टरों और नर्सों को भी ड्यूटी पर पहुंचने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।



महज कुछ घंटों की बारिश में अस्पताल परिसर के इस हाल ने नगर निगम और प्रशासन की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद अस्पताल परिसर में जलभराव रोकने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।



मरीजों के परिजनों ने चिंता जताई है कि यह सिर्फ मॉनसून की शुरुआत है। अगर आने वाले दिनों में लगातार बारिश हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। एक परिजन ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पहली बारिश में ही अस्पताल डूब गया है, तो आगे भारी बारिश में मरीजों की परेशानी और बढ़ जाएगी। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से तत्काल पानी निकालने के लिए पंप लगाने और ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।