Bihar Politcis: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी सारी ताकत झोंक रहे कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी से लेकर देश भर के कांग्रेसी दिग्गज पटना में मौजूद हैं। कांग्रेस पार्टी ने राजधानी पटना में शक्ति प्रदर्शन की बड़ी तैयारी की है। इसके तहत 24 सितंबर को एक्सटेंडेड कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक बुलाई गई है।
बता दें कि इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी बिहार में वोटर अधिकार यात्रा कर चुके हैं। इसके बाद ये भी तय हो चुका है कि राहुल, प्रियंका और खरगे समेत दूसरे बड़े नेता उन जिलों का दौरा करेंगे, जहां वोटर अधिकार यात्रा नहीं हुई थी। इसके बाद अब कांग्रेस की एक्सटेंडेड वर्किंग कमेटी की बैठक करने का भी फैसला लिया गया है।
कांग्रेस की ओर से इस बैठक को पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बैठक में शामिल होंगे। इतना ही नहीं, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता भी इस बैठक का हिस्सा बनेंगे। इसे पार्टी के भीतर एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पटना में ऐसी बड़ी बैठक आयोजित करना केवल प्रतीकात्मक कदम नहीं है, बल्कि रणनीतिक भी है। बिहार की राजनीति लंबे समय से राष्ट्रीय विमर्श को प्रभावित करती रही है और कांग्रेस इस चुनाव से पहले राज्य में अपनी मौजूदगी को नए सिरे से मजबूत करना चाहती है। पटना की धरती से इस बड़े दांव के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने, गठबंधन को और मजबूत करने और खुद को एक मज़बूत पार्टी के रूप में पेश करने की कोशिश कर रही है।




