1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 27, 2026, 5:47:04 PM
- फ़ोटो
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और रैपर Yo Yo Honey Singh ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया है। लंबे समय तक मानसिक बीमारी और नशे की लत से जूझने वाले हनी सिंह ने बताया कि इलाज के दौरान भारी मात्रा में दवाइयां लेने की वजह से उनके सारे बाल झड़ गए थे और वह पूरी तरह गंजे हो चुके थे। अब वह विग पहनते हैं।
हाल ही में दिए एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में हनी सिंह ने खुलकर बताया कि कैसे शोहरत, मानसिक तनाव और नशे की लत ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदलकर रख दिया था। उन्होंने कहा कि लोग सिर्फ उनकी चमक-दमक वाली जिंदगी देखते थे, लेकिन अंदर से वह बेहद टूट चुके थे।
हनी सिंह ने बताया कि बाइपोलर डिसऑर्डर के इलाज के दौरान उन्हें कई सालों तक भारी दवाइयां लेनी पड़ीं। इन दवाइयों का असर उनके शरीर पर बेहद बुरा पड़ा। उन्होंने कहा, “मैं करीब सात साल तक दवाइयों का हेवी डोज ले रहा था। मेरा वजन 105 किलो तक पहुंच गया था और मेरे सारे बाल झड़ गए थे। जो बाल लोग अभी देखते हैं, वो असली नहीं हैं। मैं पूरी तरह गंजा हूं, ये सिर्फ एक विग है।”
उन्होंने यह भी बताया कि 2014 में नशा छोड़ देने के बाद भी उनकी जिंदगी सामान्य नहीं हो पाई थी। मानसिक रूप से दोबारा संभलने में उन्हें सात से आठ साल लग गए। इस दौरान उन्होंने खुद को दुनिया से पूरी तरह अलग कर लिया था।
रैपर ने कहा कि उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि उन्होंने घर से बाहर निकलना तक बंद कर दिया था। वह अपने दोस्तों, फैंस और यहां तक कि परिवार के लोगों से भी दूरी बनाने लगे थे। उन्होंने बताया कि कई सालों तक उन्होंने न टीवी देखा, न फोन इस्तेमाल किया और न ही इंटरनेट से जुड़े।
हनी सिंह ने कहा कि एक वक्त ऐसा भी आया जब लोगों को लगने लगा था कि उनके साथ कुछ “अलौकिक” हो रहा है। हालांकि बाद में सही डॉक्टर और सही दवाइयां मिलने के बाद उनकी हालत में सुधार शुरू हुआ।
उन्होंने बताया कि डॉक्टर बदलने और दवाइयों की डोज सही होने के बाद सिर्फ चार हफ्तों में उनकी जिंदगी धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी। उन्होंने फिर लोगों से मिलना-जुलना शुरू किया और खुद को दोबारा संभालने की कोशिश की।
हनी सिंह का यह खुलासा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनकी ईमानदारी और हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं। कई लोग इसे मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने वाला बयान भी मान रहे हैं।