1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 27, 2026, 6:41:22 PM
- फ़ोटो
Bihar News: कटिहार जिले के टीकापट्टी थाना क्षेत्र के धूसर पंचायत स्थित टीकापट्टी-गोड़ियर मार्ग के पास चकला बहियार में पिछले तीन दिनों से तेंदुए के आतंक ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी थी। खेतों और कामत इलाके में लगातार घूम रहे तेंदुए ने इलाके में ऐसा खौफ पैदा कर दिया था कि लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने लगे थे। आखिरकार बुधवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर घेराबंदी की और काफी मशक्कत के बाद तेंदुए को मार गिराया। इस दौरान तेंदुए के हमले में तीन लोग घायल भी हो गए।
ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ पिछले कई दिनों से बहियार और खेतों के आसपास देखा जा रहा था। शुरुआत में लोगों को लगा कि कोई जंगली जानवर इधर-उधर भटककर आ गया है, लेकिन धीरे-धीरे उसकी गतिविधियां बढ़ने लगीं। तेंदुए ने सबसे पहले खेतों के पास बंधे दो गाय के बछड़ों को अपना शिकार बनाया। इसके बाद एक बकरे को भी मार डाला। लगातार हो रहे हमलों से इलाके में दहशत फैल गई और ग्रामीण भय के साये में जीने को मजबूर हो गए।
बुधवार को जब तेंदुआ फिर से बहियार इलाके में दिखाई दिया तो बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर जुट गए। लोगों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान तेंदुए ने खुद को बचाने के लिए हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। हालांकि ग्रामीण पीछे नहीं हटे और काफी देर तक चले संघर्ष के बाद तेंदुए को मार गिराया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेंदुए को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में जंगली जानवरों की हलचल बढ़ गई थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि तेंदुआ गांव के इतने करीब पहुंच जाएगा।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल लोगों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया है। वहीं टिकापट्टी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।