Hindi News / movies / Welcome To The Jungle: तीन दशक बाद एक बार फिर साथ दिखे अक्षय-रवीना,...

Welcome To The Jungle: तीन दशक बाद एक बार फिर साथ दिखे अक्षय-रवीना, झरने के बीच रोमांस ने बढ़ाई फैंस की बेचैनी

Welcome To The Jungle: अक्षय कुमार और रवीना टंडन एक बार फिर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में साथ नजर आए हैं। दोनों की जोड़ी को लेकर लंबे समय बाद फिर चर्चा शुरू हो गई है। हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टाइटल ट्रैक में दोनों झरने के पास डांस करते दिखाई दिए..

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 18, 2026, 6:39:30 PM

Welcome To The Jungle: तीन दशक बाद एक बार फिर साथ दिखे अक्षय-रवीना, झरने के बीच रोमांस ने बढ़ाई फैंस की बेचैनी

- फ़ोटो

Welcome To The Jungle: बॉलीवुड की चर्चित जोड़ियों में शामिल अक्षय कुमार और रवीना टंडन एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। लंबे समय बाद दोनों की जोड़ी को एक साथ देखकर फैंस काफी उत्साहित हैं। फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के टाइटल गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा शुरू हो गई है। खास बात यह है कि गाने में अक्षय और रवीना का अंदाज देखकर लोगों को 90 के दशक की यादें ताजा हो गईं।


अक्षय कुमार और रवीना टंडन ने अपने फिल्मी करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में साथ काम किया है। मोहरा, खिलाड़ियों के खिलाड़ी, दावा, कीमत और बारूद जैसी फिल्मों में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। खासकर फिल्म मोहरा का मशहूर गाना ‘टिप टिप बरसा पानी’ आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है। अब एक बार फिर दोनों कलाकारों को साथ देखकर फैंस पुराने दौर को याद कर रहे हैं।


हाल ही में रिलीज हुए ‘वेलकम टू द जंगल’ के टाइटल ट्रैक में अक्षय कुमार और रवीना टंडन झरने के पास डांस करते नजर आ रहे हैं। दोनों का रोमांटिक अंदाज और शानदार कैमिस्ट्री लोगों को काफी पसंद आ रही है। गाने के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि दोनों को साथ देखकर उन्हें 90 के दशक की फिल्मों वाला दौर याद आ गया।


बताया जा रहा है कि फिल्म में कॉमेडी के साथ-साथ भरपूर मनोरंजन देखने को मिलेगा। यह फिल्म वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी है। इससे पहले आई दोनों फिल्मों को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब तीसरे भाग को लेकर भी लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।


फिल्म में सिर्फ अक्षय कुमार और रवीना टंडन ही नहीं, बल्कि कई बड़े कलाकार भी नजर आने वाले हैं। इसमें सुनील शेट्टी, संजय दत्त, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस समेत कई कलाकार अहम भूमिका में दिखाई देंगे। जानकारी के अनुसार फिल्म में कुल 34 कलाकार नजर आने वाले हैं, जिस वजह से यह फिल्म काफी बड़ी मल्टीस्टारर मानी जा रही है।


फिल्म के गाने में अक्षय कुमार का अलग अंदाज भी देखने को मिला है। चर्चा है कि इस फिल्म में उनका डबल रोल हो सकता है। हालांकि फिल्म की पूरी कहानी को अभी गोपनीय रखा गया है।


अक्षय कुमार और रवीना टंडन की निजी जिंदगी भी एक समय काफी चर्चा में रही थी। दोनों के रिश्ते को लेकर उस दौर में कई खबरें सामने आई थीं। कहा जाता है कि दोनों ने सगाई भी कर ली थी, लेकिन बाद में उनका रिश्ता टूट गया। इसके बाद लंबे समय तक दोनों ने एक साथ काम नहीं किया। हालांकि अब सालों बाद दोनों को फिर साथ देखकर फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं।


फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म के गाने को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब दर्शकों को इसके ट्रेलर और रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।