1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 19, 2026, 8:17:51 AM
- फ़ोटो
Patna Encounter News : पटना में कुछ दिन पहले हुए चर्चित CMS कैश वैन लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गोपालपुर थाना इलाके में CMS की कैश वैन से करीब 27 लाख रुपए की लूट हुई थी। इस घटना के बाद पटना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए City SP East के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था। टीम लगातार वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही थी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में सूरज पांडे, आदित्य और रवि कुमार नामक अपराधियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं चौथे आरोपी नीतीश कुमार की तलाश जारी थी। पुलिस टीम जब उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी, उसी दौरान वह मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने बाइक छोड़कर भागने की कोशिश की।
बताया गया कि भागने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी दूसरा राउंड फायर करने वाला था, तभी आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली आरोपी के पैर में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि लूटे गए पैसों से आरोपियों ने महंगे iPhone खरीदे थे। पुलिस ने अब तक चार iPhone बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब दो-दो लाख रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा लगभग पांच लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं।
मामले में पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। साथ ही CMS से जुड़े दस्तावेज, पर्चियां, घटना के दौरान पहने गए कपड़े, हेलमेट और हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामानों से जांच को और मजबूती मिलेगी।
अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी दीदारगंज और पटना सिटी इलाके के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया जाएगा और बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पटना में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूटकांड ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि अब लगातार हो रही गिरफ्तारी और बरामदगी को पुलिस अपनी बड़ी सफलता मान रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।