1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 26, 2026, 5:01:08 PM
- फ़ोटो
Viral News: क्या आपने कभी सुना है कि किसी कुत्ते ने बंदूक से फायर कर दिया हो? अगर नहीं, तो यह जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। दरअसल, अमेरिका में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पालतू कुत्ते की वजह से अचानक गोली चल गई। घटना इतनी असामान्य थी कि मौके पर मौजूद लोग भी कुछ देर तक समझ ही नहीं पाए कि आखिर फायर हुआ कैसे। इस हादसे में एक महिला घायल हो गई, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामला Nebraska के स्कॉट्सब्लफ इलाके का बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक व्यक्ति अपनी पिकअप ट्रक को गैस स्टेशन के पास खड़ा कर पास की दुकान में सामान लेने गया था। ट्रक के अंदर उसका पालतू कुत्ता और एक अन्य व्यक्ति मौजूद था। इसी दौरान अचानक ट्रक के भीतर रखी लोडेड शॉटगन से फायरिंग शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्रक की पिछली सीट पर मौजूद कुत्ता उछल-कूद कर रहा था। इसी दौरान उसका पंजा वहां रखी शॉटगन के ट्रिगर पर पड़ गया। ट्रिगर दबते ही बंदूक से गोली चल गई। गोली ट्रक के दरवाजे को पार करते हुए बाहर निकली और पास में ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक महिला के हाथ में जा लगी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोग पहले समझ ही नहीं पाए कि आखिर गोली चली कहां से। कुछ लोगों को लगा कि किसी ने जानबूझकर फायरिंग की है। लेकिन जब लोगों ने ट्रक के अंदर देखा, तो वहां कुत्ता मौजूद था और गाड़ी के भीतर से धुआं निकल रहा था।
घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत खतरे से बाहर है और उसे मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने भी घटना की पुष्टि की है।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में यह हादसा दुर्घटनावश हुआ लगता है। हालांकि पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वाहन के अंदर लोडेड शॉटगन क्यों रखी गई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, वहां के कानून के तहत गाड़ी में लोडेड बंदूक रखना नियमों का उल्लंघन माना जाता है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग हैरानी जता रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे “फिल्मी हादसा” बताया, जबकि कुछ लोगों ने हथियारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि अगर बंदूक सही तरीके से सुरक्षित रखी जाती, तो शायद यह हादसा नहीं होता।