1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 18, 2026, 8:44:20 PM
रफ्तार ने ले ली जान - फ़ोटो सोशल मीडिया
MAHARASTRA: महाराष्ट्र के पालघर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। सोमवार को मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक ट्रक और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर में 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, डहाणू तहसील के बापूगांव से 100 से अधिक लोग एक सगाई समारोह में शामिल होने के लिए ट्रक में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान धानीवरी गांव के पास सामने से आ रहे कंटेनर से ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक और कंटेनर दोनों सड़क पर पलट गए। हादसे में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। मृतकों और घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए ट्रक में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल कासा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह ट्रक का ओवरलोड होना, तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही बताई जा रही है। वहीं, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।